स्कूली विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए तुलसी पद गायन प्रतियोगिता आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। हरियाणा प्रादेशिक हिंदी साहित्य सम्मेलन ने महान कवि गोस्वामी तुलसीदास के जन्म दिवस पर तुलसी जयंती समारोह का आयोजन किया। शहीद कैप्टन राजेश खुराना राजकीय उच्च विद्यालय चार आठ मरला (मॉडल टाउन) के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में तुलसी पद गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
इसमें पटौदी, बादशाहपुर, ढोरका, गढ़ी हरसरू, मानेसर, गुरुग्राम के सेक्टर 52, 57, 37D, 103 से शहर के प्रतिष्ठित 23 विद्यालयों के 52 विद्यार्थियों और 28 शिक्षकों ने भाग लिया। इस दौरान विशेष आकर्षण कैप्टन चंदन लाल अंध विद्यालय रहा, जिसके विद्यार्थियों ने स्वयं वाद्य यंत्र बजाते हुए अपनी मनमोहक प्रस्तुति दी और श्रेष्ठ स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर वरिष्ठ साहित्यकार अरुण माहेश्वरी, मुख्य अतिथि प्राचार्या अनीता शर्मा, संस्था के महामंत्री मोहन कृष्ण भारद्वाज, संस्था के संरक्षक डॉ. कुंदन लाल पटेल, साहित्य मंत्री डॉ. रघुवीर सिंह बोकन आदि मौजूद रहे।