दिल्ली से गुरुग्राम जोड़ने वाली द्वारका एक्सप्रेसवे की 20 किमी की लंबी सड़क टूटी होने के कारण रोजाना गुजरने वाले सैकड़ों वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के बाद से यह सड़क टूटी है। सड़क के बीच में एलिवेटेड के पिलर बनाने का काम चल रहा है।
डीसीपी ट्रैफिक ने निर्माणाधीन कंपनी को पत्र लिखकर सड़क की मरम्मत कराने के लिए कहा है। 15 दिन के भीतर सड़क निर्माण पूरा न करने पर ट्रैफिक पुलिस निर्माणाधीन कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी कर सकती है।
दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर एलएनटी कंपनी की ओर से निर्माण चल रहा है। कंपनी की ओर से 20 किमी की दूरी पर निर्माण किया जा रहा है। इसके दोनों सर्विस रोड पर वाहनों का दबाव रहता है। बरसात के दौरान सड़क कई जगहों पर उखड़ चुकी है। इसके कारण वाहनों का जाम लगता है।
ट्रैफिक पुलिस के सर्वे के अनुसार, जो वाहन इस मार्ग से गुजरते थे बहुत से लोगों ने मार्ग बदल लिया है। इस कारण बगल की सड़क पर भी वाहनों का दबाव रहता है। ऐसे में डीसीपी ट्रैफिक ने पत्र लिखकर 15 दिन के भीतर इस सड़क का निर्माण करने को कहा है। करार के मुताबिक, निर्माणाधीन कंपनी की ओर से इसका निर्माण कराया जाएगा।
इसे भी जानें-
: दिल्ली से गुरुग्राम-मानेसर जाने वाले मार्ग को जोड़ती है यह सड़क।
: मास्टर प्लान में नए सेक्टरों में रहने वाले लोगों का प्रमुख मार्ग।
: टोल से बचने के लिए इस मार्ग का अधिक इस्तेमाल।
दिल्ली से गुरुग्राम जोड़ने वाली द्वारका एक्सप्रेसवे की टूटी सड़क का निर्माण न होने से आ रही परेशानी को देखते हुए निर्माणाधीन कंपनी को पत्र लिखा गया है। 15 दिन के भीतर कंपनी की ओर से निर्माण पूरा न होने पर कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।-आर एस तोमर, डीसीपी ट्रैफिक, गुरुग्राम।