सोहना। गुरुग्राम के सोहना में चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे बार-बार एक ही दुकान को अपना टारगेट बना रहे हैं। रविवार को यहां एक बार फिर से उसी दुकान में चोरी हुई, जहां सात दिन पहले चोरी हुई थी। खास बात यह है कि चोर इस बार दुकान का ताला तोड़कर तीन लाख की सिगरेट ही चोरी कर ले गए हैं। अनाज मंडी में संजय एजेंसी के गोदाम में सात दिन में यह दूसरी चोरी की वारदात है।
दुकान मालिक संजय सुबह मौके पर पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई। पुलिस को सूचना देने के साथ ही बाजार के अन्य लोगों को इसकी जानकारी हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद अज्ञात के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है। पुलिस आस-पास लगे सीसीटीवी के फुटेज भी खंगाल रही है।