गुरुग्राम के फर्रुखनगर में शादी का झांसा देकर एक युवती से दुष्कर्म और जबरन गर्भपात कराने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि गर्भपात कराने में आरोपी की बहन व जीजा ने भी उसका साथ दिया। पीड़िता ने फर्रुखनगर थाने में मामला दर्ज कराया है। पीड़िता मूल रूप से राजस्थान के हनुमानगढ़ की रहने वाली है। पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एक ई-कॉमर्स कंपनी में काम करती है। कंपनी में झज्जर के मातनहोल का रहने वाला राहुल भी काम करता था। कंपनी में ही दोनों की बातचीत आगे बढ़ी और दोस्ती हो गई।
यह भी पढ़े.. Mining in Aravali: अवैध खनन से खतरे में हाईटेंशन लाइन, गिरने की कगार पर हाई वोल्टेज लाइन के टॉवर
राहुल युवती से शादी की बात कहकर उस पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाने लगा। आरोप है कि पिछले साल नौ अगस्त को राहुल युवती को श्याम स्वीट्स के नजदीक पीजी में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी बार-बार उसे शादी करने का भरोसा देता रहा। बाद में गर्भवती होने पर राहुल ने अपने जीजा जॉनी व बहन ललिता के साथ मिलकर उसका अपहरण कर लिया।
पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
आरोपी सिकंदरपुर के पास स्थित एक निजी अस्पताल में ले गए। यहां पर आरोपियों ने गर्भपात के लिए दवाएं खिलानी चाही तो उसने मना कर दिया। फिर जबरन उसका गर्भपात कराया। बाद में आरोपी ने जीजा के कमरे पर कई दिनों तक उसे बंधक बनाकर रखा। शिकायत के आधार पर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।