अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जालसाज ने पौधों की नर्सरी के संचालक से पौधे खरीदने का झांसे देकर 2,15,217 रुपये की ठगी की है। जालसाज ने नर्सरी संचालक को आर्मी का अधिकारी बनकर कॉल की और पौधे खरीदने की बातचीत करते हुए रुपये ट्रांसफर करा लिए। शिकायतकर्ता (उत्तर प्रदेश) के मलिहाबाद निवासी सानू खान की शिकायत पर पुलिस ने साइबर अपराध थाना दक्षिण में मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में शिकायतकर्ता ने बताया कि वह गुरुग्राम के सेक्टर-65 में पौधों की नर्सरी चलाती है। 22 जुलाई को उसके मोबाइल पर अनजान नंबर से कॉल आई। जालसाज से बातचीत के दौरान 170 पौधों के लिए 36,900 रुपये का बिल तय हुआ। इसके बाद उसने 39000 रुपये का फर्जी मैसेज भेजकर ज्यादा रुपये भुगतान होने की बात कही। उसने भेजे गए क्यूआर कोड को स्कैन करके रुपये वापस भेजने को कहा। शिकायतकर्ता ने जब क्यूआर कोड स्कैन किया तो खाते से दो बार में 2,15,217 रुपये कट गए। पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।