गुरुग्राम। स्नातक के प्रथम वर्ष में नए शैक्षणिक सत्र में खुली काउंसलिंग के तहत सोमवार को महाविद्यालय स्तर पर चौथी मेरिट सूची जारी होगी। मेरिट सूची में स्थान पाने के लिए छात्रों को सोमवार सुबह महाविद्यालयों में आकर उपस्थिति दर्ज करानी होगी। महाविद्यालयों में अब काफी कम सीटें खाली बची हैं। मंगलवार को सुबह लिंक जारी किया जाएगा और रात्रि 12 बजे तक का समय छात्रों को फीस जमा कराने के लिए दिया जाएगा। महाविद्यालयों प्रशासन द्वारा उम्मीद जताई जा रही है कि चौथी मेरिट सूची के उपरांत सभी खाली सीटों पर दाखिला हो जाएंगे।
जानकारी हो कि अबकी बार महाविद्यालयों के स्नातक के प्रथम वर्ष में दाखिला प्रक्रिया काफी लंबी चली है। गत 16 अगस्त से 6 सितंबर तक छात्रों को ऑनलाइन आवेदन करने का समय दिया गया था। उच्चतर शिक्षा विभाग ने 13 सितंबर को पहली मेरिट सूची और 22 सितंबर को दूसरी मेरिट सूची जारी की थी, जिसमें लगभग 70 फीसदी सीटों पर दाखिला हुआ था। अबकी बार मनपसंद के महाविद्यालय नहीं मिलने और विषय संयोजन को लेकर छात्रों को काफी परेशानी हुई और 29 सितंबर को दोबारा पोर्टल खुलने के उपरांत छात्रों ने अपने आवेदन फार्मों में बदलाव किए।
इसके उपरांत महाविद्यालय स्तर पर खुली काउंसलिंग के तहत 30 सितंबर को पहली मेरिट सूची, 4 अक्तूबर को दूसरी मेरिट सूची और 8 अक्तूबर को तीसरी मेरिट सूची जारी की गई। तीन मेरिट सूची के बाद महाविद्यालयों में कई संकायों में सीटें भर चुकी हैं, लेकिन बीए ऑनर्स सहित कई कोर्स में 10 फीसदी से कम सीटें खाली हैं। शहर के राजकीय महाविद्यालय सेक्टर-9 के दाखिला नोडल अधिकारी संजय कत्याल ने बताया कि दूसरी जगह दाखिला होने पर कई छात्र सीटें छोड़ रहे हैं, ऐसे में सोमवार को महाविद्यालय स्तर पर जारी होने वाली चौथी मेरिट सूची में इन खाली सीटों को भी शामिल किया जाएगा।