गुरुग्राम। चौमा रेलवे फाटक के पास शुक्रवार रात को 17 वर्षीय किशोरी एवं राज्य स्तरीय फुटबॉल खिलाड़ी ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। किशोरी के पास से पुलिस को सुसाइड नोट बरामद हुआ है। जिसमें किशोरी ने पढ़ाई सही से नहीं कर पाने से परेशान होकर जिंदगी समाप्त करने की बात करते हुए परिवार से माफी मांगी है। वहीं किशोरी के पिता ने कहा कि उनकी बेटी फुटबॉल खिलाड़ी थी। वह गलती से ट्रेन की चपेट में आ गई। पुलिस ने परिजनों को सूचना देने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जीआरपी पुलिस को परिजनों की ओर से फिलहाल कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।
शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे चौमा फाटक के गेटमैन ने स्टेशन मास्टर गुरुग्राम रेलवे स्टेशन को किशोरी के ट्रेन से कटने की सूचना दी। सूचना पाकर जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद किशोरी की शिनाख्त 12वीं कक्षा की छात्रा के रूप में हुई। पुलिस ने परिजनों को मामले की सूचना दी। शव की तलाशी लेने पर पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला। पुलिस के मुताबिक शनिवार को किशोरी का अर्थशास्त्र का पेपर था। वह सही से पढ़ाई नहीं कर पा रही थी। जिससे लेकर काफी परेशान थी। सुसाइड नोट में लिखा है कि उसकी सभी बहन और भाई बहुत अच्छे हैं और उससे प्यार करते हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। पढ़ाई नहीं कर पाने का हवाला दिया है। पुलिस को परिजनों की ओर से फिलहाल कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलती है तो जांच कर आगेे की कार्रवाई की जाएगी।
चार बहनों में सबसे छोटी थी किशोरी
मूलरूप से महोबा यूपी के रहने वाले एक व्यक्ति चौमा फाटक के पास ही किराए के मकान में रहते हैं। वह मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करते हैं। उनके चार बेटी और दो बेटे हैं। किशोरी सबसे छोटी थी। जबकि सभी बच्चों में पांचवें नंबर पर थी। बेटी की मौत की जानकारी मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया। सभी का रो रोकर बुरा हाल है।