गुरुग्राम। तेज रफ्तार ने बृहस्पतिवार की रात लगन पार्टी से वापस आ रहे पांच दोस्तों की जान ले ली, जिसमें से एक गंभीर रूप से घायल है। सभी दोस्त एक निजी अस्पताल के कर्मचारी थे, जो अपने सहयोगी की लगन समारोह से रात साढ़े 12 बजे वापस लौट रहे थे। गढ़ी हरसरू व साढराणा के बीच में एक मोड़ के दौरान अचानक गढ्ढा आ गया। जिस वजह से कार को अचानक मोड़ना पड़ा, तब वह एक प्लॉट की दीवार से टकरा गई और बगल में लगे ईंट के चट्टे में जा भिड़ी। इस हादसे में कार में सवार पांच लोगों की मौत गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के समय इतना तेज धमाका हुआ कि आसपास के घरों में सो रहे लोग बाहर निकल आए। उन्होंने इसकी सूचना सेक्टर-93 चौकी पुलिस को दी। पुलिस व आसपास के लोगों की मदद से सभी को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। घायल को पहले सिविल अस्पताल ले जाया गया। बाद में उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार सेक्टर-84 में जेनसिस अस्पताल है। साढराणा गांव का रहने वाला अंशुल यहां काम करता है। उसकी लगन पार्टी में शामिल होने के लिए अस्पताल से करीब बृहस्पतिवार रात आठ बजे स्टॉफ के लोग डॉ. चेतन यादव की स्विफ्ट डिजायर कार मांगकर ले गए थे। पार्टी से वापस आते समय कार, अस्पताल का एंबुलेंस चालक सागर (32) निवासी नितिन विहार नाहरपुर रूपा गुरुग्राम चला रहा था। कार में नियाज (31) निवासी कोसी, जिला गाजीपुर (यूपी), जगबीर निवासी धनौंदा, जींद, डिबैच निवासी नेपाल, प्रिंस निवासी जिला सहरसा (बिहार) व हार्दिक तिवारी निवासी गांव काशीपुर, थाना रूदौली, जिला फैजाबाद (यूपी) कार में सवार थे। वाहन दुर्घटना के दौरान पांच की मौके पर ही मौत हो गई जबकि हार्दिक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मृत चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है।