सेक्टर-15 के पार्ट-2 में खाना बनाने के दौरान हुआ हादसा
बच्चों समेत 15 लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई
अमर उजाला ब्यूराे
गुरुग्राम। सेक्टर-15 के पार्ट-2 स्थित एक खाली प्लाॅट में बनी झुग्गी में मंगलवार की दोपहर करीब एक बजे खाना बनाने के दौरान सिलिंडर लीक होने से आग लग गई। इसके बाद सिलिंडर में ब्लास्ट होने से आग ने पास में बनी तीन अन्य झुग्गियों को भी चपेट में ले लिया। झुग्गियों में रहने वाले परिवारों ने आग बुझाने का प्रयास किया और दमकल विभाग को भी सूचना दी।
फायर विभाग के अधिकारियों के अनुसार सेक्टर-15 के पार्ट-2 में मकान नंबर-1607 के सामने कुछ झुग्गियां बनी हुई हैं। मंगलवार की दोपहर को यहां खाना बनाते वक्त एक झुग्गी में गैस सिलिंडर में रिसाव हो गया था। जिस वक्त गैस का रिसाव हुआ उस वक्त झुग्गी में मौजूद लोग तुरंत बाहर आ गए और सिलिंडर फटने से जोरदार धमाका हुआ। इस घटना के समय झुग्गियों के आसपास करीब 15 लोग मौजूद थे, इनमें 4 बच्चे भी शामिल थे। सभी ने भागकर अपनी जान बचाई। आग ने तेजी से चार झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वहां रहने वाले परिवारों का काफी नुकसान हुआ। आग से झुग्गियों में रखा सामान, कपड़े और अन्य जरूरी वस्तुएं जल गईं।
भीमनगर फायर स्टेशन के अधिकारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि मंगलवार दोपहर भीमनगर फायर स्टेशन में झुग्गियों में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दो दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। वहीं, सेक्टर-29 फायर स्टेशन से एक दमकल गाड़ी पहुंची। इस घटना में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ है।