एंबियंस मॉल के पास डाउन टाउन में वाहनों का प्रवेश बाईं ओर से कराया जाएगा जबकि निकास दाईं ओर से होगा
नए ट्रायल में पुलिस जाम के हालात देखेगी उसके बाद बदलाव किए जाएंगे
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित शंकर चौक पर लगने वाले जाम से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने ट्रायल शुरू किया है। मंगलवार से पुलिस ने पहले चरण का ट्रायल शुरू किया, जिसके तहत एंबियंस मॉल के पास डाउन टाउन में वाहनों का प्रवेश बाईं ओर से कराया जाएगा जबकि निकास दाईं ओर से होगा। दिल्ली से गुरुग्राम आने वाले वाहन सिरहौल बॉर्डर से बाईं लेन में चलेंगे। नए ट्रायल में पुलिस जाम के हालात देखेगी उसके बाद बदलाव किए जाएंगे।
पुलिस उपायुक्त यातायात डाॅॅ. राजेश मोहन ने शंकर चौक पर ट्रैफिक जाम की समस्या दूर करने के लिए डीएलएफ के अधिकारियों और एंबियंस मॉल प्रबंधकों के साथ बैठक की, जिसके बाद तय हुआ कि शंकर चौक पर ट्रायल शुरू किया जाए। सहायक पुलिस आयुक्त यातायात मुख्यालय सत्यपाल यादव, यातायात निरीक्षक लोकेश की मौजूदगी में शंकर चौक पर बदलाव शुरू किए गए।
डीसीपी ने बताया कि सिरहौल बॉर्डर से एंबियंस मॉल तक शंकर चौक की ओर आते समय 50 बेरिकेड्स लगाने का कार्य यातायात पुलिस कर चुकी है। 100 से अधिक बेरिकेड्स लगाने का काम जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। वहीं एंबियंस मॉल के पास एनएच 48 पर जो कच्ची जगह है उसे गिट्टियां, तारकोल मिक्सर डालकर रोड के समतल करके वाहनों के संचालन के लिए उपयोगी बनाया जाएगा। सिरहौल बार्डर से एंबियंस मॉल की ओर आते समय एनएच-48 पर बने डिवाइडर को फ्लाईओवर की तरफ करने को एनएचएआई के साथ पत्राचार करके आगे कराया जाएगा ताकि मॉल की की ओर जाने वाले मार्ग को अधिक चौड़ा करके प्रयोग में लाया जा सके।
ईमेल पर भेजें ट्रैफिक सुझाव
शंकर चौक पर जाम की समस्या के समाधान के लिए कोई भी वाहन चालक अपने सुझाव यातायात पुलिस गुरुग्राम के साथ साझा करना चाहता है तो acptrafficggn-hrynic.in पर भेज सकता है।
ये हुए बदलाव
- दिल्ली से गुरुग्राम की ओर आने वाले वाहन चालक जो एंबियंस मॉल में जाएंगे, उनके लिए साइन बोर्ड लगाए गए हैं जिससे सभी वाहन चालक सिरहौल बार्डर से ही बाईं लेन में चलते हुए आसानी से मॉल में जा पाएंगे।
-एंबियंस मॉल के पास डाउन टाउन में वाहनों की एंट्री बाईं ओर से कराई जाएगी व निकास दाईं ओर से होगा। इससे वाहनों के प्रवेश व निकास के दौरान मेन रोड पर जाम की समस्या से निजात मिल सके।