गुरुग्राम। बादशाहपुर के दरबारीपुर रोड स्थित सेलिब्रिटी जिम के पास रंजिश में मारपीट में दो सगे भाई घायल हो गए। आरोप है कि 7-8 युवकों ने मिलकर पहले एक भाई के साथ झगड़ा किया। उसने कॉल कर मदद के लिए दूसरे को बुलाया तो दोनों के सिर ईंट से वार किया और लात-घूसों से पीटकर जान से मारने की धमकी दी। घायल की शिकायत पर बादशाहपुर थाना में मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार यह शिकायत बादशाहपुर की लालचंद कॉलोनी निवासी योगेश यादव ने दी है। 6 अगस्त की सुबह वह अपने घर पर था तभी उसके भाई पंकज ने फोन कर कहा कि सेलिब्रिटी जिम के पास कुछ लड़के झगड़ा कर रहे हैं। वह तुरंत बाइक लेकर पहुंचा तो वहां 7-8 युवक वहां मौजूद थे। उनसे एक बादशाहपुर निवासी अरुण ने भाई के साथ मारपीट करते हुए सिर में ईंट मारी जिससे उसे चोट लगी।
अरुण के साथ वहां बादशाहपुर निवासी नितेश व अन्य अज्ञात युवक थे। सभी ने मिलकर दोनों को पीटा। फिर जान से मारने की धमकी दी गई। दोनों भाई घायल हालत में किसी तरह जान बचाकर वहां से भागे। दोनों को इलाज के लिए सेक्टर-56 के निजी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल से मिली सूचना के बाद बादशाहपुर थाना से पुलिस टीम वहां पहुंची। सोमवार को हालत बेहतर होने पर बयान पुलिस को दिए। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।