गुरुग्राम। कृषि कानूनों और एमएसपी गारंटी को लेकर चल रहे आंदोलन के तहत संयुक्त किसान मोर्चा गुरुग्राम के अनिश्चितकालीन धरने के 100 दिन पूरे होने पर संयुक्त किसान मोर्चा अध्यक्ष संतोख सिंह के नेतृत्व में बुधवार को किसान बाइक रैली निकाली गई। किसान बाइक रैली सायं 5.30 बजे शुरू होकर 7.15 बजे तक चली। जोकि धरना स्थल से शुरू होकर राष्ट्रीय राजमार्ग राजीव चौक से पुलिस कमिश्नर कार्यालय के सामने से हरीश बेकरी से गुरुद्वारा रोड होते हुए सिविल अस्पताल के सामने से डाकखाना चौक होते हुए सैेक्टर 4-7 के सर्कल से न्यू रेलवे रोड होते हुए न्यू कॉलोनी मोड़ से पटौदी चौक होते हुए पटौदी रोड पुलिस चौकी के सामने से चार-आठ मरला होते हुए बेरी वाला बाग के रास्ते से वापस धरना स्थल पर पहुंची।
किसान मोर्चा अध्यक्ष संतोख सिंह ने बताया कि किसान बाइक रैली में 250 से ज्यादा किसानों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि मई के पहले पखवाड़े में किसान संसद तक कूच करेंगे। आज की यह किसान बाइक रैली सांसद कूच की तैयारी थी। उन्होंने बताया कि गुरुग्राम शहर में जहां-जहां से बाइक रैली निकली गई, गुरुग्राम वासियों ने हाथ हिलाकर तथा तालियां बजाकर बाइक रैली का स्वागत किया और किसानों के समर्थन में नारे लगाए। बाइक रैली में गुरुग्राम शहर के 30 से ज्यादा सामाजिक संगठनों के प्रमुख व्यक्ति एवं सदस्यगण तथा 36 बिरादरी के गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए। राजस्थान के किसान नेता रामपाल विशेष रूप से बाइक रैली में शामिल होने आए हुए थे। किसान बाइक रैली के दौरान आरएस राठी, बीरू सरपंच, अनिल पंवार, धर्मबीर परवाल, ऊषा सरोहा, जयप्रकाश, नवनीत, देवीका सिवाच, समुन हुड्डा, अरुण शर्मा एडवोकेट, प्रीतम चौहान एडवोकेट, योगेंद्र सिंह, मनीष, हरिसिंह, अमित शर्मा, शुभम शर्मा, फूल कुमार, मेवा सिंह, आर सी हुड्डा, पंजाब सिंह, मिरगया, विजय, रमेश, उम्मेद, इन्द्रजीत, कमलजीत, बिरेन्द्र सिंह, दयानंद शर्मा, योगेश कुमार, सतवीर गुर्जर, मुकेश यादव, आकाश यादव, संजय कुमार, धर्मवीर, ईश्वर सिंह, अमित पंवार सहित सैंकड़ों की संख्या में किसान एवं संगठनों सदस्य मौजूद रहे।
बाइक रैली में नहीं लगाए गए मास्क
कोरोना के बढ़ने संक्रमण को देखते हुए जिला प्रशासन ने गुरुग्राम में मास्क लगाना अनिवार्य किया हुआ है और बिना मास्क लगाए सड़क या बाजार में चलने वालों के चालान काटने के आदेश जारी किए हुए हैं। लेकिन बुधवार को आयोजित किसान बाइक रैली में अधिकतर लोगों के मुंह से मास्क गायब दिखाई दिया। बाइक रैली में शामिल लोगों के मुंह पर ही नहीं बल्कि किसान नेता भी बिना मास्क लगाए ही रैली में भाग लिया।