गुरुग्राम। कोरोना संक्रमण को काबू में करने के लिए कोरोना जांच के साथ ही जिला स्वास्थ्य विभाग ज्यादा से ज्यादा टीकाकरण में जुट गया है। इसी क्रम में बुधवार को जिले में 74 केंद्रों पर टीकाकरण किया गया, जहां 6454 लोगों को कोरोना का टीका लगा। इसमें से शासकीय केंद्रों पर 3911 व निजी टीकाकरण केंद्रों पर 2543 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया।
इसमें से 45 साल से ऊपर के 6409 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। शासकीय टीकाकरण केंद्रों पर 45 साल से ऊपर के 3701 लोगों को पहली व 174 लोगों को टीके की दूसरी डोज दी गई। वहीं, निजी केंद्रों पर 2356 लोगों को पहली डोज व 178 लोगों को कोरोना टीके की दूसरी डोज दी गई। बुधवार को कुल 20 स्वास्थ्यकर्मियों को कोरोना का टीका लगाया गया, जिसमें शासकीय टीकाकरण केंद्रों पर 11 को टीका लगाया गया, जिसमें सभी को दूसरी डोज दी गई जबकि निजी केंद्रों पर 9 लोगों को टीके की दूसरी डोज दी गई। इसके अलावा 25 फ्रंटलाइन वर्कर्स को भी टीका लगाया गया, जिसमें से शासकीय केंद्र पर महज 1 को पहली डोज लगी जबकि 24 फ्रंटलाइन वर्कर्स को टीके की दूसरी डोज दी गई।