पुलिस ने आरोपी से 42,600 रुपये नकद किए बरामद
गुरुग्राम। सुशांतलोक थाने की पुलिस ने जेप्टो स्टोर से नकदी चोरी के मामले में एक आरोपी कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को 31 जुलाई को गुरुग्राम से पकड़ा गया। पुलिस ने उससे 42,600 रुपये नकदी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान झुंझुनू, राजस्थान के सेफरागढ़ गांव निवासी अजय कुमार के रूप में हुई है।
वह जेप्टो स्टोर पर पैकर के तौर पर कार्यरत था। जेप्टो स्टोर पर सुरक्षा उपलब्ध कराने वाली कंपनी के एरिया हेड विजय सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सेक्टर-43 स्थित आरओएफ मॉल के बेसमेंट में जेप्टो कंपनी का स्टोर है। अजय कुमार ने 26 जुलाई की रात को अलमारी में बने लॉकर से 4.39 लाख रुपये चोरी किए थे। शिकायत के आधार पर सुशांतलोक थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। हेड कांस्टेबल जरनैल सिंह मामले की छानबीन कर रहे हैं।
आरोपी अजय कुमार को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान आरोपी से चोरी की गई नकदी के बारे में पूछताछ कर बरामद की जाएगी। मामले में कोई अन्य व्यक्ति संलिप्त मिलता है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। - संदीप कुमार, पुलिस प्रवक्ता।