गुरुग्राम। सेक्टर-84 स्थित देवान सोसाइटी के लोगों को सोसाइटी में स्थायी बिजली कनेक्शन के लिए अभी और इंतजार करना पड़ सकता है। सोसाइटी के बिल्डर ने बिजली के स्थायी कनेक्शन के लिए आवेदन किया तो दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम लिमिटेड (डीएचबीवीएनएल) ने बिल्डर को 6.15 करोड़ की बैंक गारंटी जमा करने के लिए कहा। इसके बाद बिल्डर ने प्रत्येक फ्लैट के मालिक को 82 हजार रुपये के लिए डिमांड जारी कर दी। इससे सोसाइटी के नागरिकों में रोष है। उनका कहना है कि जब उन्होंने फ्लैट की रजिस्ट्री कराई थी, तब यह शपथ पत्र दिया था कि उनके ऊपर बिल्डर का कोई भी बकाया नहीं है।
5.17 एकड़ में फैली इस सोसाइटी में 8 टॉवर हैं। प्रत्येक टॉवर में 14 फ्लोर हैं। सोसाइटी में कुल 896 यूनिट हैं। प्रोजेक्ट शुरू होने से पहले बिल्डर को बिजली विभाग की ओर से कमर्शियल बिजली कनेक्शन मिलता है। प्रोजेक्ट पूरा होने पर बिल्डर को सोसाइटी में सब स्टेशन बनाना होता है और सिंगल प्वाइंट कनेक्शन लेना होता है, लेकिन बिल्डर कमर्शियल कनेक्शन और डीजी सेट से बिजली की आपूर्ति करते हैं, जिससे समस्या होती है। वहां के निवासियों के मुताबिक लंबे संघर्ष के बाद समस्या के समाधान की कुछ राह खुली। बिल्डर ने स्थायी कनेक्शन के लिए आवेदन किया। इसमें अस्थायी रूप से लोड बढ़ाने के लिए भी कहा गया था, लेकिन बिजली विभाग के बैंक गारंटी मांगने के बाद उसका बोझ बिल्डर ने फ्लैट मालिकों पर डाल दिया है, जो पूरी तरह अवैध है।