डेडलिफ्ट, बेंच प्रेस और एक्सट्रीम कर्ल में 100 किग्रा भार वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जिले के द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय के छात्र दिव्यांक ने किर्गिस्तान के बिश्केक में आयोजित यूरेशिया एशिया चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किए। दिव्यांक ने 100 किलोग्राम भार वर्ग में डेडलिफ्ट, बेंच प्रेस और एक्सट्रीम कर्ल तीनों स्पर्धाओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया। दिव्यांक इससे पहले राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर कई प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुके हैं।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. पुष्पा अंतिल, शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग की एचओडी पद्मश्री डॉ. सुनील डबास, डॉ. राकेश कुमार, कविता सहरावत, प्रीति कुमारी सहित अन्य समस्त स्टाफ सदस्यों ने दिव्यांक को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्राचार्य डॉ. पुष्पा अंतिल ने कहा कि दिव्यांक की यह जीत पूरे महाविद्यालय और देश के लिए गर्व का क्षण है। उसने अपनी मेहनत और लगन से साबित कर दिया कि समर्पण से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। हमें उस पर गर्व है। पद्मश्री डॉ. सुनील डबास ने भी दिव्यांक के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा बनेगी।