गुरुग्राम। जिले में डेंगू का प्रकोप लगातार बना हुआ है। इसी क्रम में मंगलवार को भी जिले में डेंगू के 3 नए मरीज मिले। अब कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 272 हो गई। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक डेंगू से जिले में मौत का अब तक कोई मामला सामने नहीं आया है। मच्छरों का लार्वा मिलने पर नगर निगम की तरफ से अब तक जिले में कुल 13889 घरों को नोटिस जारी किया गया है। पिछले सप्ताह भर में 388 घरों को नोटिस दिया गया। अब तक जिले में डेंगू की जांच के लिए 4753 नमूने लिए जा चुके हैं।
हालांकि, मरीजों की संख्या के मुकाबले जांच की रफ्तार कमजोर नजर आ रही है। स्थिति यह है कि पिछले सप्ताह भर में डेंगू की जांच के लिए महज 517 नमूने लिए गए हैं। मच्छरों का लार्वा मिलने पर निगम प्रशासन की तरफ से मंगलवार को 70 घरों को नोटिस दी गई। डेंगू की जांच के लिए पिछले 24 घंटे में 74 नमूने लिए गए हैं।
सोहना, पटौदी, मानेसर, फर्रूखनगर समेत ग्रामीण इलाकों के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों व कस्बों के अस्पतालों में बुखार के मरीजों की संख्या काफी बढ़ चुकी है। सेक्टर-10 नागरिक अस्पताल में मंगलवार को भी पंजीकरण काउंटर पर मरीजों की भारी भीड़ देखने को मिली। स्वास्थ्य विभाग अब तक जिले में 635644 घरों का सर्वे कर चुका है। इसी क्रम में मंगलवार को भी जिले में 9735 घरों का रैपिड सर्वे किया गया, जिसमें से शहरी क्षेत्र में 3867 व ग्रामीण इलाके के 5868 घरों में सर्वे किया गया।