गुरुग्राम। बेटे की मौत के बाद अब बहू और उसके घरवाले संपत्ति के लिए सास-ससुर को प्रताड़ित कर रहे हैं। मामला इतना बढ़ गया है कि एक दिन मारपीट पर उतारू हो गए। मारपीट की घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। बुजुर्ग दंपती ने शिकायत दर्ज करा डीसीपी वेस्ट से भी न्याय के लिए गुहार लगाई है।
सेक्टर-चार की रहने वाली 72 वर्षीय उमा जैन ने बताया है कि उनके गोद लिए बेटे गौरव जैन का निधन हो चुका है। अब उसकी पत्नी ईशिता व उसके माता-पिता, भाई आदि संपत्ति के लिए उन्हें प्रताड़ित कर रहे हैं। एक माह पहले इन आरोपियों ने मिलकर उमा व उनके पति योगेश जैन को जमकर पीटा। मारपीट के बाद से योगेश अभी तक अस्पताल में भर्ती हैं। बुजुर्ग दंपती का कहना है कि उन्हें आगे भी आरोपियों से जान-माल का खतरा बना हुआ है। इसके लिए डीसीपी वेस्ट से भी शिकायत कर आरोपियों पर जल्द कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में मारपीट की पुष्टि हुई है। आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।