गुरुग्राम के सेक्टर-49 स्थित सफायर मॉल में शुक्रवार को हथियारबंद तीन बदमाशों ने धावा बोल दिया। मॉल में चिकन शॉप के दुकानदार को पिस्टल दिखाकर नगदी व मोबाइल लूट ले गए। जाते वक्त दुकानदार व एक अन्य को दुकान में ही बंद कर भाग गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस व दुकान मालिक ने दोनों को बाहन निकाला। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मूल रूप से नेपाल के रहने वाले रोशन कुमार सिक्देल ने बताया कि सफायर मॉल में उसने एक दुकान किराए पर ले रखी है। दुकान में चिकन बेची जाती है। रविवार शाम जब वह अपने साथी प्रेम बहादुर के साथ दुकान पर थे तो वहां तीन युवक आए और चिकन खरीदकर चले गए।
इसके कुछ देर बाद ही तीनों युवक दोबारा आए और पिस्टल तानकर रुपये मांगने लगे। रुपये न देने पर उन्होंने गल्ले से करीब 22 हजार रुपये निकाल लिए और मोबाइल भी छीन लिया। इसके बाद तीनों बदमाश दुकान का शटर गिराकर दोनों को अंदर ही बंद कर गए।
पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे दुकान मालिक सौरभ कौशिक ने उन्हें बाहर निकाला। दुकानदार की तहरीर पर मामला दर्ज कर पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मॉल के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। आरोपी जल्द ही गिरफ्त में होंगे।