पुरानी रंजिश में हुई थी कार कारोबारी महेंद्र की हत्या
गुरुग्राम। धनकोट गांव के कार कारोबारी महेंद्र वर्मा की हत्या के मामले में सुराग खंगाल रही पुलिस को कई अहम सबूत मिले हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि पुरानी रंजिश के कारण हत्या को अंजाम दिया गया है। हालांकि अभी तक हत्यारों के चेहरे बेनकाब नहीं हो पाए हैं। पुलिस घटनास्थल की कॉल डिटेल के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।
चार नवंबर को देर रात कार से फर्रुखनगर की ओर से ज्योति पार्क स्थित अपने घर आ रहे महेंद्र वर्मा की अज्ञात लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस के मुताबिक, धनकोट गांव के नाले के पास हत्या को अंजाम दिया गया। परिजनों के मुताबिक, महेंद्र को पहले से जान का खतरा था। इसके चलते वह हमेशा से लाइसेंसी रिवॉल्वर साथ रखता था। वारदात के बाद पुलिस को मौके से मृतक की रिवॉल्वर भी बरामद नहीं हुई। घटना के बाद राजेंद्र पार्क थाना पुलिस अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच कर रही है। कहा जा रहा है कि पुलिस को कई सुराग मिले हैं जिसके आधार पर बदमाशों की पहचान कर रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हत्यारे महेंद्र के जानकार थे। पुलिस को मिले सबूतों के आधार पर यह भी आशंका जताई जा रही है कि वे महेंद्र के साथ गाड़ी में भी आए थे।