डिवाइडर कूद कर आई मौत की गाड़ी
-तेज रफ्तार गाड़ी ने दूसरी तरफ जा रही गाड़ी को मारी टक्कर, कई पलटियां खाई
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। फरीदाबाद रोड पर तेज रफ्तार केयूवी गाड़ी डिवाइडर कूदती हुई दूसरी तरफ जा रही अन्य कार से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार कई पलटियां खा गई। इस घटना मेें युवती की मौत हो गई जबकि दंपति व एक बच्ची घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। डीएलएफ फेज-1 थाना पुलिस ने पीड़ित के बयान पर मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस के अनुसार मूल रूप से गांव जाटौली पटौदी की सीताराम कॉलोनी निवासी नसीब सिंह ने बयान दिया कि उनकी पत्नी ममता की फरीदाबाद में आईबीपीएस कलर्क की परीक्षा थी। इसके लिए वह शनिवार सुबह पत्नी ममता, 3 वर्षीय बेटी आशिमा, साली रेवाड़ी निवासी निशा के साथ वैगनआर गाड़ी से फरीदाबाद परीक्षा केंद्र पर जा रहे थे। जब वह एयरफोर्स स्टेशन पार हुए तो दूसरी तरफ से सिल्वर रंग की केयूवी गाड़ी डिवाइडर कूदती हुई उनकी गाड़ी से तेज गति से टकराई। टक्कर लगते ही उनकी गाड़ी कई पलटियां खाती हुई सीधी हो गई। इस घटना में गाड़ी में सवार सभी को चोटें लगी। इस दौरान निशा को गंभीर चोटें लगी जिसे पास ही नीलकंठ अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने जांच के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद केयूवी चालक गाड़ी मौके पर छोड़कर फरार हो गया।