अमेजन कंपनी का 4 लाख का सामान लेकर 2 डिलीवरी ब्वाय फरार
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नौकरी के पहले ही दिन अमेजन कंपनी के 2 डिलीवरी ब्वॉय करीब 4 लाख रुपये के 37 पैकेट सामान लेकर फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सेक्टर-46 निवासी कर्मवीर छाछल की स्किल मैनेजमेंट कंपनी अमेजन के लिए काम करती है। पांच दिन पहले खुर्जा जंक्शन बुलंदशहर उत्तर प्रदेश निवासी पंकज कुमार चौहान व हाथरस उत्तर प्रदेश निवासी देवेंद्र सिंह नौकरी पर आए थे। इनकी पुलिस वैरिफिकेशन करवाने व प्रशिक्षण देने के उपरांत उन्हें सामान डिलीवरी के लिए लगा दिया गया। 5 जुलाई को सामान डिलीवरी देने जाने के पहले दिन उन्हें करीब 4 लाख रुपये के 37 पैकेट सामान डिलीवरी के लिए दिए गए। यह सामान लेने के बाद आरोपी फरार हो गए और न तो यह पैकेट डिलीवरी किए और न ही वापस कंपनी पहुंचे। इस पर सेक्टर-18 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। मामले की जांच कर रहे हेड कांस्टेबल अनिल कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
-----पवन सेठी