आरोपियों की तलाश में पुलिस कर रही छापेमारी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गांव इस्लामपुर में टेंट व्यवसायी की हत्या के मामले में पुलिस को आरोपियों का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। आरोपियों की तलाश में पुलिस जगह-जगह छापेमारी कर रही है। उधर, पुलिस इस मामले को पारिवारिक रंजिश के अलावा अन्य एंगल से भी जोड़कर देख रही है। पुलिस अभी हत्या से जुड़े मामले में लगे आरोपों की पुष्टि नहीं कर पाई है। सहायक पुलिस आयुक्त इंद्रजीत का कहना है कि इस मामले में विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि मंगलवार रात बाइक सवार दो युवकों ने स्कूटी पर जा रहे टेंट व्यवसायी रामकरण उर्फ टोनी को गोली मार दी थी। गोली लगते ही व्यवसायी नीचे गिर गया था। जिसे मेदांता अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया था। परिजनों ने जमीनी विवाद में मृतक के भाई, भाभी व दोनों भतीजों पर हत्या करवाने का शक जाहिर किया था।