महिला को सम्मोहित कर गहने उतारे
गुरुग्राम। दिल्ली से अपने भाई को मिलने गुरुग्राम आई एक महिला को दो अज्ञात युवकों ने रास्ता पूछने के बहाने सम्मोहित किया और उसके गहने उतारकर ले गए। महिला ने शिकायत शहर थाना पुलिस को दी। सोमवार को पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
जीटीबी इंक्लेव दिल्ली निवासी किरण भाई से मिलने 8 जून को गुरुग्राम आई थी। रात करीब 9 बजे वह सामान खरीदने के लिए सदर बाजार गई थी। श्याम स्वीट्स के पास सामान खरीदने के वक्त दो युवक उससे दिल्ली के धौलाकुआं जाने का रास्ता पूछने लगे और उसे सम्मोहित कर भूतेश्वर मंदिर के पास ले गए, जहां उसके गहने उतरवा लिए। इसके बाद फरार हो गए। महिला को होश आया तो उसने पुलिस व परिजनों को सूचना दी। मामले की जांच कर रहे सहायक उप निरीक्षक नरेश कुमार ने बताया कि आरोपियों ने कंगन, अंगूठी सहित अन्य गहने ठग लिए हैं। सदर बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ली गई है। दोनों युवकों की उम्र करीब 20 साल है।