माइक्रोसॉफ्ट के नाम पर डाटा चोरी कर विदेशियों से वसूली रंगदारी, मामला दर्ज
गुरुग्राम। माइक्रोसॉफ्ट कंपनी की तकनीकी सहायता के नाम पर लोगों की निजी जानकारी चुराने, डाटा वापस करने के एवज में रंगदारी मांगने के तीन मामले सामने आए हैं। सेक्टर-50 और सेक्टर-18 थाना पुलिस मेें ये मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें आरोपी कंपनियों को नामजद किया गया है। आरोपी अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया सहित अन्य देशों के निवासियों को निशाना बनाते थे। कंपनी प्रबंधन ने आशंका जताई है कि ये रुपये हवाला के लिए भी प्रयोग होते हैं। कंपनी के अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 24 घंटे में माइक्रोसॉफ्ट कंपनी की तरफ से 5 मामले दर्ज करवाए जा चुके हैं।
सेक्टर-18 व सेक्टर-50 थाना पुलिस को दी शिकायत में माइक्रोसॉफ्ट कंपनी के अधिकारी भूपेंद्र सिंह बिंद्रा ने बताया कि उनकी कंपनी का कार्यालय दिल्ली में है। कंपनी का एक कॉल सेंटर गुरुग्राम में है। पिछले कुछ दिनों से उन्हें अनेक ग्राहकों की शिकायतें मिली कि तकनीकी सहायता के नाम पर उन्हें ब्लैकमेल किया जा रहा है। कंपनी ने इन शिकायतों पर जांच के दौरान पाया कि माइक्रोसॉफ्ट का सॉफ्टवेयर प्रयोग करने वाले कंप्यूटर ग्राहकों को उनकी कंप्यूटर स्क्रीन पर वार्निंग मेसेज (चेतावनी संदेश) भेजा गया। इस मेसेज में उनके कंप्यूटर में वायरस आने व तुरंत ही इसका समाधान करवाने की बात कही गई थी।
इसके लिए माइक्रोसॉफ्ट की हॉटलाइन नंबर भी दिया गया था। इस नंबर पर संपर्क करने पर ग्राहकों के कंप्यूटर रिमोट पर लेकर कॉल सेंटर में बैठे अधिकारी काम करने लगते थे। इस दौरान ग्राहकों के डाटा चोरी कर लेते थे। डाटा वापस करने की एवज में उनके द्वारा रुपयों की मांगी जाती थी। कई ग्राहक उनसे परेशान होकर निजी जानकारी वापस लेने के लिए रुपये भी उन्हें दिया।
आरोपी ब्रिटेन, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, न्यूजीलैंड के ग्राहकों को अपना निशाना बना रहे हैं। जांच के दौरान पाया गया कि सुभाष नगर दिल्ली निवासी संदीप शर्मा ने सेक्टर-49 स्थित स्पेज आईटी पार्क स्थित कार्यालय से वारदात को अंजाम दिया है। इसके अलावा गंगा नगर राजस्थान निवासी अक्षय, सेक्टर-7 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी ध्रुव, सुशांत लोक फेज-1 निवासी जयद, सेक्टर-9 निवासी प्रशांत सहित अन्य ने सेक्टर-18 स्थित कंपनी में वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।