रेहड़ी लगाने वालों से करता था अवैध वसूली, धरा
गुरुग्राम। अपराध शाखा सेक्टर-10 की टीम ने सेक्टर-48 में रेहड़ी लगाने वालों से अवैध वसूली करने वाले आरोपी इस्लामपुर निवासी विनय कुमार उर्फ चीमा को काबू किया है। आरोपी दो साल से रेहड़ी वालों को धमकाकर वसूली कर रहा था। टीम ने यह कार्रवाई सूचना के आधार पर की है। सदर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फर्जी बीमा पर अदालत में दायर किया मोटर क्लेम
गुरुग्राम। फर्जी कार बीमा पर अदालत में मोटर क्लेम दायर करने का मामला सेक्टर-10ए थाना पुलिस ने दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में विजय शर्मा (42) ने बताया कि वह एचडीएफसी एरगो जनरल इंश्योरेंस कंपनी में क्षेत्रीय प्रबंधक हैं। उन्हें गुरुग्राम अदालत से अमीर मंडल बनाम नितिन कुमार के मामले में एक नोटिस प्राप्त हुआ जिसमें दुर्घटना में बिटू मंडल की मौत होने पर क्लेम सेटलमेंट का मामला था। इसमें ज्ञात हुआ की बीमा देवेंद्र सिंह के नाम पर कंपनी ने जारी किया था। जांच में पता लगा कि अदालत में दायर की गई बीमा पॉलिसी फर्जी तरीके से बनाई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बैंक खाते से ऑनलाइन ट्रांसफर किए 60 हजार रुपये
गुरुग्राम। बैंक खाते से 60 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करने का मामला सेक्टर-10ए थाना पुलिस ने दर्ज किया है। सेक्टर-10 निवासी हरीश चंद्र यादव ने बताया कि बुधवार देर रात उनके मोबाइल पर मेसेज आया जिसमें एचडीएफसी बैंक के उसके बचत खाते से 2 बार में 60 हजार रुपये निकाले गए। इसमें 10 हजार रुपये मोबिक्विक व 50 हजार रुपये किसी बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।