हत्यारोपी गार्ड से चाकू बरामदगी के लिए सिंकदरपुर लेकर जाएगी पुलिस
क्रॉसर..
- रविवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश करने के बाद तीन दिन की रिमांड पर आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। न्यू रेलवे रोड स्थित शीतला हॉस्पिटल में गार्ड की हत्या के मामले में गिरफ्तार हुए साथी गार्ड नौफिल को रविवार को कोर्ट से रिमांड पर लेने के बाद पुलिस ने चाकू बरामद करने की कोशिश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी गार्ड से अभी तक हत्या में प्रयोग किया गया चाकू बरामद नहीं हुआ है, जिसे जब्त करने के लिए उसे सिंकदरपुर लेकर जाने की तैयारी है।
अस्पताल में ही काम करने वाली युवती से एकतरफा प्यार में साथी गार्ड की हत्या के बाद फरार हुए नौफिल अनवर को गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-17 शनिवार को यूपी के सिंकदरपुर (बुलंदशहर) स्थित मामा के घर से गिरफ्तार करके गुरुग्राम लेकर आई थी। आरोपी गार्ड ने हत्या का कबूलनामा करने के बाद रविवार को पुलिस ने आरोपी को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया। जहां से उसे तीन दिन की रिमांड पर लिया गया। एसीपी क्राइम-1 शमशेर सिंह के मुताबिक आरोपी से अभी तक वारदात में प्रयोग किया गया चाकू बरामद नहीं किया गया। इसकी निशानदेही के लिए पुलिस उसे दोबारा लेकर सिंकदरपुर जाएगी। पांच अप्रैल को अलसुबह अस्पताल के मुख्य गेट पर तैनात गार्ड नौफिल अनवर ने अस्पताल की तीसरी मंजिल पर स्थित आईसीयू के बाहर तैनात गार्ड जुगलकिशोर पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला करते हुए हत्या कर फरार हो गया था।
------