फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जेल में कैदियों से मारपीट, बाहर परिजनों का प्रदर्शन

Sun, 18 Nov 2018 11:35 PM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गुरुग्राम
विज्ञापन
jail
विज्ञापन
गुरुग्राम। भोंडसी जेल में कैदियों से मारपीट करने व अवैध रूप से उगाही करने का आरोप जेल में बंद कुछ कैदियों के परिजनों ने लगाया है। इसके विरोध में परिजनों ने रविवार सुबह भोंडसी जेल के बाहर हंगामा किया। आरोप है कि जेल प्रशासन के कुछ कर्मचारी जेल में बंद कैदियों को सुविधाएं देने व मारपीट न करने की एवज में अपने गुर्गों के जरिये रुपयों की मांग कर रहे हैं। न देने पर उनकी पिटाई होती है। जेल अधीक्षक ने परिजनों के आरोपों को नकार दिया है। उधर, मामले में जेल महानिदेशक ने जांच के आदेश दिए हैं।
विज्ञापन


जेल में बंद कैदियों के परिजन रविवार सुबह भोंडसी जेल पहुंचे। परिजनों ने बताया कि उनका मामला अदालत में विचाराधीन है। पिछले 4 दिन से वे अपने परिजनों से जेल में मिलने का प्रयास कर रहे हैं। एक कैदी से उनकी मुलाकात हो पाई थी, जिसने उन्हें बताया था कि जेल के अंदर कैदियों से जेल प्रशासन के कहने पर मारपीट होती है। आरोप है कि कैदियों को सुविधाएं देने के नाम पर रुपयों की मांग की जा रही है। ये रुपये परिजनों के जरिये उनके बताए गए व्यक्ति को देने हैं। पिछले महीने एक जेल कर्मी को रिश्वत के मामले में गिरफ्तार कर भोंडसी जेल ही भेजा गया था। जहां से वह उगाही का पूरा कारोबार कर रहा है।

आरोप है कि मोबाइल पर बात करनी हो या जेल में कोई यातना न दी जाए, इसके लिए कीमत तय है। रुपये न देने पर कैदियों के साथ बर्बरता की जा रही है। उन्हें सीसीटीवी कैमरे की जद से दूर ले जाकर पीटा जा रहा है।
विज्ञापन


जेल के बाहर की नारेबाजी
जेल के बाहर प्रदर्शन करने पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि जेल में बंद अशोक उर्फ गब्बर सहित अन्य कैदियों को बुरी तरह से पीटा गया है। जब परिजनों को पता लगा तो उन्होंने जेल प्रशासन से बात करने का प्रयास किया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। मेडिकल करवाने की मांग करने पर भी उन्हें धमकाकर भगा दिया गया। परिजनों का कहना है कि जेल अधीक्षक से मिलने का कई बार प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने मिलने से मना कर दिया। रविवार को भी वे जेल प्रशासन से मिलने पहुंचे थे, लेकिन उन्हें मिलने नहीं दिया गया। अब वे सोमवार को प्रधानमंत्री की रैली में पहुंचकर उन्हें अपना दुखड़ा सुनाएंगे।

सभी आरोप निराधार : जेल अधीक्षक
जेल अधीक्षक जय किशन छिल्लर ने कहा, उन पर लगाए जा रहे आरोप निराधार हैं। कैदी जेल में मनमानी करना चाहते हैं, इस कारण वे परिजनों के साथ मिलकर इस तरह के निराधार आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा, कुछ लोगों ने साजिश रचकर यह प्रदर्शन किया है ताकि जेल में बंद उनके परिजनों को कुछ राहत मिल सके।
विज्ञापन


...बयान
जेल में अवैध वसूली व कैदियों के साथ बर्बरता किए जाने की सूचना मिली है। इस संबंध में जांच के आदेश दिए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
- के सेलवराज, जेल महानिदेशक, हरियाणा
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें