मैनेजर के घर से दिनदहाड़े लाखों का माल चुराया
सेक्टर-48 की घटना, पुलिस जांच में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-48 में चोरों ने दिनदहाड़े कंपनी मैनेजर के घर में घुसकर लाखों का माल साफ कर दिया। सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, आकाश एक निजी कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत है। वह सेक्टर-44 स्थित मकान नंबर 127 के दूसरे फ्लोर पर अपनी पत्नी और बच्चे के साथ रहता है। बृहस्पतिवार सुबह वह अपनी ड्यूटी पर चला गया था। उसका बेटा भी स्कूल गया हुआ था। सुबह करीब साढ़े दस बजे पत्नी भी किसी काम से मकान बंद करके बाहर चली गई। दोपहर दो बजे जब वह वापस लौटी तो देखा कि उसके घर की कुंडी टूटी हुई है और सारा सामान बिखरा हुआ है, जिसमें सोने-चांदी के जेवरात समेत नकदी गायब मिले। सूचना के बाद सदर थाना पुलिस ने मौके का मुआयना कर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच कर रहे एएसआई मनोज कुमार ने बताया कि आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।