छात्र ने सहपाठी के हाथ में घोंपी कैंची, चार टांके आए
-अध्यापक के कहने पर कॉपियां चेक करते समय हुई थी कहासुनी
अमर उजाला ब्यूरो
सोहना। कस्बा सोहना के सरकारी स्कूल में एक छात्र ने सहपाठी के हाथ में कैंची घोंप दी। पीड़ित 11वीं का छात्र है। जिसके हाथ में कैंची लगने पर चार टांके आए हैं। डॉक्टरों ने घायल छात्र की मेडिकल रिपोर्ट तैयार कर उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी। वहीं स्कूल प्रशासन ने ऐसी कोई घटना होने से साफ इंकार कर दिया।
कस्बे के राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार करीब 10 बजे कक्षा 11वीं सेक्शन-डी में एक विद्यार्थी ने आपसी कहासुनी में अपने सहपाठी के हाथ में कैंची घोंप दी। पीड़ित छात्र गांव लाखुवास निवासी नीरज ने दसवीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद स्कूल में नया दाखिला लिया है। सुबह जब राजनीति विज्ञान की कक्षा चल रही थी, तो क्लास टीचर ने तीन बच्चों की कॉपियां लाइन से चेक करने को कहा। जिस पर एक बच्चे ने अपनी लाइन के बच्चों की सभी कॉपियां चेक भी कर दी।
इसी बीच दूसरी लाइन में नीरज के पास आकर कॉपियां चेक करवाने के लिए कहने लगा किंतु नीरज की कॉपी पहले ही चेक हो चुकी थी। जिस पर दोनों में कहासुनी हो गई और नीरज के हाथ में कैंची घोंप दी। जिससे हाथ से खून बहने लगा। उसे सरकारी अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां उसके हाथ में चार टांके लगाए। अस्पताल के डॉ. प्रवीन यादव ने बताया कि छात्र को छुट्टी दे दी गई है। वहीं स्कूल प्रिंसिपल कर्मिला पुनिया से जब इस बारे में बात की, तो उन्होंने ऐसी कोई घटना होने से इंकार कर दिया।