फर्रुखनगर। कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) पर ट्रक में भरकर ले जा रहे गोवंश का बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पीछा करते हुए ट्रक चालक और उसके दो अन्य साथियों को दबोच कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपियों ने पीछा करने वालों पर गोलियां भी चर्लाइं। फर्रुखनगर थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम, जानलेवा हमला करने व पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में मानेसर निवासी मोहित उर्फ मोनू ने बताया कि वह बजरंग दल का कार्यकर्ता है। उन्हें सूचना मिली कि एक 10 टायर वाले ट्रक में गोवंश भरकर पंजाब से मेवात ले जाए जाएंगे। वह अपनी गाड़ी से अपनी टीम के साथी विनोद गांव ढाणा, दीपक गांव कुकडोला, संदीप गांव मानेसर व संदीप गांव खरिया जिला हिसार को लेकर फर्रुखनगर के पास केएमपी पर खड़े हो गए। कुछ समय बाद गोवंश से भरी गाड़ी आती दिखाई दी। इसके चालक को उन्होंने रुकने का इशारा किया, मगर चालक ने उन्हें जान से मारने की नियत से सीधा फायर झोंक किया। हालांकि वह बाल-बाल बच गए और आरोपी भाग निकले। इसके बाद उन्होंने अपनी गाड़ी से ट्रक का पीछा शुरू कर दिया। पटौदी के पास जाम लगा होने के कारण चालक ट्रक को सड़क किनारे खड़ा करके फरार होने लगे। इसी बीच उन्होंने वहां पहुंचकर पुलिस की मदद से सभी तीन आरोपियों को दबोच लिया। आरोपियों की पहचान रमजानी, नूरू व अमरदीप के रूप में हुई है। छानबीन के दौरान यह भी पता चला कि गाड़ी को परवेज आलम चला रहा था। ट्रक में गाय की संख्या 15 थी। इन सभी को कासन की गोशाला में भेज दिया गया है। पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है।