गुरुग्राम। सेक्टर-18 स्थित हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान के गांधी हॉल में शनिवार को नगर निगम सदन की सामान्य बैठक का आयोजन किया जाएगा। पिछले कुछ दिन से भ्रष्टाचार व वित्तीय घोटालों का मुद्दा गहराया है, उसको देखते हुए हंगामेदार के आसार हैं। मेयर मधु आजाद की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली बैठक सुबह 11 बजे शुरू होगी।
निगम प्रशासन ने बैठक का विस्तृत एजेंडा तैयार कर पार्षदों व संबंधित अधिकारियों को भेज दिया है। नगर निगम के अधिकांश पार्षदों ने इस बार बैठक में अधिकांश समस्यात्मक मुद्दों को ही सूचीबद्ध कराया है तो वहीं कुछ पार्षदों ने पूर्व में किए गए कार्यों की रिपोर्ट की भी मांग की है। इसके साथ ही पूर्व में हुए वित्तीय घोटालों व गड़बड़झालों पर भी निगम पार्षद नए सिरे से अपने विचार रख सकते हैं। खास बात यह है कि पिछले दिनों गृह मंत्री अनिल विज के औचक निरीक्षण के बाद कई मामलों पर नए सिरे से चर्चा छिड़ गई है। इसको लेकर निगम पार्षद मुखर हो सकते हैं। वहीं, कई निगम पार्षद पिछले काफी समय से लंबित विकास कार्यों का मुद्दा भी उठाएंगे।
वार्ड-1 में डिस्पेंसरी का मुद्दा
निगम सदन की सामान्य बैठक में ज्यादातर समस्यात्मक मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके तहत वार्ड-1 की पार्षद मिथिलेश ने अपने वार्ड में घनी आबादी के बावजूद एक भी डिस्पेंसरी न होने व अब तक वार्ड पार्षद का कोई कार्यालय न होने का मुद्दा उठाया है। वार्ड-2 की पार्षद शकुंतला यादव ने पानी की पाइप लाइन डालने का कार्य लंबित होने का मुद्दा रखा जाएगा। वार्ड-4 के पार्षद के रवींद्र राज यादव वार्डों में सीएफसी व सीएससी सेंटर बनाने का कार्य अब तक लंबित होने का मुद्दा उठाएंगे जबकि वार्ड-5 के पार्षद रिंपल यादव शासकीय जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को हटवाने की मांग की है।
दिवंगत पार्षद आरएस राठी के नाम पर हो सड़क का नामकरण
वार्ड-6 के पार्षद अनूप सिंह ने डीएलएएफ फेज-1 की किसी सड़क का नामकरण दिवंगत पार्षद आरएस राठी के नाम पर करने व खाली पड़े जोहड़ों में पानी भरने का आग्रह किया है। वार्ड-10 की पार्षद शीतला बागरी की तरफ से निगम के एजेंडे में सामुदायिक भवन के निर्माण का मुद्दा व मोबाइल टावर लगाने से पहले 500 मीटर के दायरे में रहने वालों की सहमति लेने का मुद्दा शामिल किया गया है। वार्ड-11 के पार्षद योगेंद्र सारवान ने दौलताबाद फ्लाईओवर से लेकर बाबा प्रकाशपुरी आश्रम तक व सूरत नगर की सड़कों की मरम्मत की मांग की है।
बूस्टिंग स्टेशन के निर्माण की मांग
वार्ड-12 के पार्षद नवीन दहिया ने धनवापुर में बूस्टिंग स्टेशन व स्कूल की जर्जर इमारत के पुनर्निनिर्माण की मांग की है। वार्ड-13 के पार्षद ब्रह्म यादव ने निगम के अधीन क्षेत्रों को कमर्शियल घोषित करने व विकास नगर, कृष्णा नगर तथा सेक्टर-10 में स्थित एचएसवीपी की खाली पड़ी जमीन पर पार्क बनवाने की मांग की है। वार्ड-14 के पार्षद संजय प्रधान ने दयानंद कॉलोनी में एचएसवीपी से अनुम ति लेकर सामुदायिक भवन व देवीलाल कॉलोनी में पानी के संकट को दूर करने की मांग की है।
खाली पड़ी जमीन पर बने खेल अकादमी :
वार्ड-16 की पार्षद मधु बत्रा ने ज्योति पार्क में खाली पड़ी जमीन पर खेल अकादमी बनाने, मदनपुरी रोड के नवनिर्माण की मांग की है। वार्ड-19 के पार्षद अश्वनी शर्मा ने अपने वार्ड से संबंधित पूर्व की एटीएआर उपलब्ध कराने व वार्ड-21 के पार्षद धर्मबीर ने होर्डिंग यूनिपोल की जानकारी दिए जाने की मांग की है।
स्वतंत्रता सेनानी के नाम पर हो सड़क
वार्ड-28 के पार्षद हेमंत कुमार ने सरकारी डिस्पेंसरी व अस्पताल का विस्तार करने तथा वार्ड-29 के पार्षद कुलदीप यादव ने अवैध विज्ञापन व अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वार्ड-30 के पार्षद महेश दायमा ने सेक्टर-56 में सामुदायिक भवन के निर्माण व वार्ड-31 के पार्षद कुलदीप बोहरा ने आर्टेमिस चौक से साइबर पार्क चौक तक की सड़क का नाम स्वतंत्रता सेनानी तोताराम यादव के नाम पर करने की मांग की है।