गुरुग्राम। प्रदेश के अन्य जिलों के मुकाबले कोरोना संक्रमण एक बार फिर से रफ्तार पकड़ने लगा है, जिसको देखते सावधान होने की जरूरत है। स्थिति यह है कि अप्रैल के 10 दिनों में संक्रमण दर 7 गुना बढ़ गई है। इसी क्रम में रविवार को भी जिले में कोरोना के 77 नए मरीज आए, जबकि 52 संक्रमितों को स्वस्थ घोषित किया गया।
इसी के साथ सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 318 हो गई है। 31 मार्च को जिले में संक्रमण दर 1.25 फीसदी थी लेकिन अब संक्रमण दर बढ़कर 7.24 फीसदी पर पहुंच गई है। कोरोना की समग्र स्थिति पर नजर डालें तो प्रदेश के 21 जिलों में कुल जितने मरीज आ रहे हैं, उसके तीन गुना सिर्फ गुरुग्राम से आ रहे हैं। पिछले शनिवार को पूरे हरियाणा में कोरोना के कुल 87 मरीज आए थे, जिसमेें से 66 मरीज जिले के थे। संक्रमण दर के मामले में भी गुरुग्राम की स्थिति ठीक नहीं है। शनिवार को ही प्रदेश में कोरोना संक्रमण दर 1.49 फीसदी थी लेकिन गुरुग्राम की संक्रमण दर 6.09 फीसदी थी। राहत की बात यह है कि मरीजों के अस्पतालों में भर्ती होने की नौबत नहीं आ रही है।
नहीं बढ़ाई जा रही जांच
कोरोना जांच नहीं बढ़ाई जा रही है। पिछले शुक्रवार को जिले में कोरोना जांच के लिए 1413 नमूने लिए गए थे, जबकि शनिवार को 1252 नमूनों की जांच की गई। वहीं, रविवार को कुल 1063 नमूनों की जांच की गई। इन सबके बीच गुरुग्राम में रिकवरी रेट प्रदेश में सर्वाधिक 99.50 है।