फिरोजपुर झिरका। इलाके में लगातार राशन वितरण प्रणाली में मिल रही शिकायतों के आधार पर शनिवार को सीएम फ्लाइंग की एक टीम ने शहर के डिपो धारकों के यहां छापा मारकर डिपो धारकों का रिकार्ड जब्त कर लिया। दो स्थानों पर मारे गए छापे के दौरान शहर व ग्रामीण इलाकों के डिपोधारकों में हड़कंप मच गया। वहीं, खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के भी हाथ पैर फूल गए। सीएम फ्लाइंग की छापे के दौरान उनके साथ नूंह खुफिया विभाग की एक टीम और स्थानीय पुलिस के जवान मौजूद थे। राशन दुकानों पर मिली अनियमितताओं और गड़बड़ी के संदर्भ में सीएम फ्लाइंग दस्ते द्वारा दो डिपो धारकों पर मुकदमा दर्ज करवाया गया है।
जानकारी देते हुए प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के जिला संयोजक अंशुल सैनी ने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल को शिकायत देकर अवगत कराया गया था कि नूंह जिले के अधिकांश डिपोधारक राशन वितरण प्रणाली में गड़बड़ी कर गरीबों का राशन डकारने का काम कर रहे हैं। गरीब उपभोक्ताओं से अंगूठा लगवाकर उनके हक का राशन डकारने का काम कर रहे हैं। शिकायत के संदर्भ में कार्रवाई करते हुए शनिवार को सीएम फ्लाइंग की एक टीम सब इंस्पेक्टर रामपाल और एसआई सांवल राम के नेतृत्व में शहर के वार्ड छह स्थित दो डिपोधारकों के यहां छापा मारने पहुंची। छापे के दौरान टीम को एक स्थान से चीनी 5.27 क्विंटल अधिक, नमक 635 किलो का स्टॉक अधिक पाया गया जबकि एक दूसरे स्थान से 3.82 क्विंटल गेहूं अधिक और तेल का स्टाक 1.34 क्विंटल कम पाया गया। स्टाक में गड़बड़ी और राशन को सही तरीके से वितरण न करने की खामियां पाई गई। टीम ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुए न केवल डिपोधारकों का रिकार्ड जब्त कर लिया बल्कि उनके खिलाफ कार्रवाई हेतु उच्चाधिकारियों को प्रेषित कर दिया। सीएम फ्लाइंग के उड़न दस्ते में खुफिया विभाग के इंस्पेक्टर राजकुमार, एसआई अजीम खान और खाद्य आपूर्ति विभाग से निरीक्षक तारीफ खान व मंडल संयोजक तोलाराम सैनी मुख्य रूप से मौजूद रहे।