गुरुग्राम। एटीएम कार्ड से पैसा निकलने के बाद उसे गिनना एक युवक को मंहगा पड़ा। परिचित के कार्ड से रुपये निकालने गया युवक जब निकाली रकम गिनने लगा, उस दौरान वहां आए दो अज्ञात ठगों ने मशीन में से पीड़ित का एटीएम कार्ड निकालकर बदल दिया। पीड़ित को ये पता ही नहीं चला और वह घर चला गया। घर पहुंचा तो मोबाइल में खाते से रुपये निकलने के 3 मैसेज आ चुके थे। तब उसे ठगी का अहसास हुआ। शिवाजी नगर थाना पुलिस अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार उत्तर प्रदेश के औरेया के मूल निवासी शिवम सिंह ने बताया कि वह फिलहाल ओम नगर कॉलोनी में रहता है। 23 सितंबर को अपने परिचित राजबीर सोलंकी के कोटेक महिंद्रा बैंक एटीएम कार्ड लेकर रुपये निकालने गया था। खांडसा रोड स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम पर रुपये निकालने लगा तो दो बार प्रयास करने पर भी ट्रांजेक्शन नहीं हुई। तभी एटीएम में दो अन्य युवक आ गए। तीसरी बार प्रयास किया तो 5 हजार रुपये निकल गए। शिकायतकर्ता का कार्ड मशीन में लगा हुआ था और वह कैश गिनने लगा। वहां खड़े दो युवकों ने मशीन से कार्ड निकाल उसे थमा दिया। जिसे लेकर पीड़ित घर आ गया। घर पहुंचा तो परिचित के मोबाइल पर ट्रांजेक्शन के कुल 4 मैसेज आए हुए थे। जबकि शिकायतकर्ता ने सिर्फ 1 ट्रांजेक्शन 5 हजार रुपये की करी थी।
तीन अन्य ट्रांजेक्शन 4 हजार, 4 हजार और 2800 रुपये की थी। पीड़ित ने तुरंत एटीएम कार्ड ब्लॉक कराया लेकिन तीन ट्रांजेक्शन तो हो चुकी थी। तब एटीएम कार्ड चेक किया तो पाया कि वो बदला जा चुका था। पीड़ित समझ गया कि उन्हीं दो युवकों ने ठगी की है। 24 सितंबर को मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। जिस पर बुधवार रात शिवाजी नगर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।