बादशाहपुर। सेक्टर-82 स्थित वाटिका नेक्स्ट में क्लब एवेन्यू रोड पर शनिवार सुबह एक बुजुर्ग महिला से चेन छीन ली गई। घटना ई-4 स्ट्रीट से बालाजी स्टोर एफ-3 गेट के पास हुई जहां बाइक सवार हेलमेट पहने महिला की चेन छीनकर भाग गया।
सोसाइटी के निवासियों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। पिछले कुछ वर्षों में इसी रोड पर चेन स्नैचिंग और मोबाइल फोन चोरी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। निवासियों ने आरोप लगाया कि क्लब एवेन्यू रोड और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं होने के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
निवासी अनुज गुप्ता ने बताया कि निवासी पिछले तीन वर्षों से लगातार सड़क पर सुरक्षा गार्ड तैनात करने की मांग कर रहे है। उनका कहना है कि वटिका इंडिया नेक्स्ट के अन्य सेक्टरों में सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था है लेकिन क्लब एवेन्यू रोड को नजरअंदाज किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि करीब एक महीने पहले ई-ब्लॉक क्लब पार्क के दौरे के दौरान भी इस मुद्दे को अधिकारियों के सामने उठाया गया था। वहीं प्रशासन और संबंधित एजेंसियों से जल्द प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था लागू करने नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने और सीसीटीवी निगरानी मजबूत करने की मांग की है। संवाद