गुरुग्राम। बिलासपुर थाना क्षेत्र स्थित शराब के ठेके पर हथियार के बल पर सेल्समैन से 33 हजार रुपये लूटने का मामला सामने आया है। पीड़ितों ने मैनेजर को मामले की जानकारी दी। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, एटा निवासी जगदीश बिलासपुर थाना क्षेत्र में एक ठेके पर मैनेजर के पद पर काम करते हैं। उन्होंने बताया कि 23 मार्च की शाम को उनके ठेके पर सेल्समैन थे। तभी दो मास्क लगाए युवक हथियार के बल पर ठेके में घुस गए और गल्ले में रखे 33 हजार रुपये लूट कर ले गए। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने मैनेजर को मामले की जानकारी दी। इसके बाद वह मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने लूट की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।