गुरुग्राम। सेक्टर-40 थाना क्षेत्र के कन्हई गांव में होली पर शराब पीने के दौरान जीजा का साले से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि जीजा राजेंद्र साले के घर समझाने के लिए गया, जहां लाठी डंडे से पीट पीट कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य फरार की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, अमन भरतपुर राजस्थान के रहने वाले हैं। किराए पर अपने भाइयों के साथ गांव कन्हई में रहते हैं। साफ सफाई का काम करते हैं। वह पांच भाई हैं। सबसे बड़ा भाई राकेश पंजाब में रहता है। वह और उनके भाई राजेंद्र, रविंद्र और सोनू एक साथ रहते हैं। होली के दिन 18 मार्च को दोपहर करीब 2.30 बजे सभी होली खेल रहे थे। उनके भाई सोनू का साले मिथुन से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। भाई राजेंद्र साले मिथुन को समझाने के लिए उसके कमरे पर गया। जहां मिथुन, रवि, रिंकू, विवेक, आशु निवासी मथुरा उत्तर प्रदेश ने लाठी डंडे और ईंट से राजेंद्र पर हमला कर दिया। चीख पुकार सुनकर वह और उनके अन्य भाई मौके पर पहुंचे, जहां रविंद्र पर भी हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देकर सभी मौके से फरार हो गए। वह घायलों को लेकर सरकारी अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने राजेंद्र को मृत घोषित कर दिया।
एसएचओ सेक्टर 40 कुलदीप सिंह ने बताया कि अमन की शिकायत पर रिंकू, रवि, मिथुन, विवेक, आशु के खिलाफ हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मिथुन, विवेक और आशु को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है।