गुरुग्राम। कार सवार आधा दर्जन से ज्यादा युवकों ने पहले बाइक सवार दो युवकों को पीछे से टक्कर मार कर गिराया और फिर उन्हें लाठी-डंडों से पीटा। आरोप है कि कार सवार लोगों ने बाइक सवार दोनों युवकों को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया।
आरोप यह भी है कि मारपीट करने वालों में से दो युवकों ने बाइक सवार एक युवक के मुंह पर पेशाब भी किया और उन्हें जान से मारने की धमकी देकर वहां से फरार हो गए। लोगों की मदद से पीड़ितों को पास के निजी अस्पताल पहुंचा गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर आठ नामजद लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को छानबीन दौरान पता चला है कि दोनों पक्षों में तीन पहले भी किसी बात को लेकर मारपीट हुई है। नई दिल्ली के सारंगपुर निवासी गंगाराम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गुरुग्राम में नौकरी करता था और जलविहार कॉलोनी में किराये पर रहता है। लॉकडाउन की वजह से उसकी नौकरी चली गई और अब घर पर ही रहता है। उसने बताया कि शुक्रवार की रात को करीब साढ़े 11 बजे वह अपने मोहयाल कॉलोनी निवासी दोस्त रवि ठाकुर के साथ उसकी बाइक पर सेक्टर-46 की मार्केट जा रहे थे। जब वह सामुदायिक केंद्र के बाहर पहुंचे, तो पीछे से आ रही एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी ने उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मारी।
टक्कर लगने की वजह से वह दोनों बाइक समेत नीचे गिर गए। आरोप है कि गाड़ी से सेक्टर-31 निवासी नितिन कौशिक और झाड़सा निवासी उमेद उर्फ सोनू गहलावत उतर कर आए और उन्होंने लोहे की रोड व डंडे से दोनों को पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि उसके बाद गाड़ी से झाड़सा निवासी धन सिंह ठाकरान, हिमांशु स्वामी, जलविहार कॉलोनी निवासी राकेश ठाकरान, झाड़सा निवासी मोहित प्रजापति, मोहित सैनी, आदिल गौड़ उतरकर आए व उन दोनों को लाठी डंडों से पीटना शुरू कर दिया। गंगाराम का आरोप है कि धन सिंह ठाकरान व उमेद उर्फ सोनू गहलावत ने उसके मुंह पर पेशाब किया और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़ितों की शिकायत पर सेक्टर-50 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।