गुरुग्राम। तापमान में कमी व ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) का पालन न होने के चलते शहर की हवा लगातार खराब बनी हुई है। हालांकि, एक दिन पहले के मुकाबले प्रदूषण में कमी आई है और एक्यूआई भी नीचे गया है। एक दिन पहले शहर का समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 419 था जो सोमवार को कम होकर 369 पर आ गया। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक एक्यूआई की यह स्थिति भी स्वास्थ्य के लिहाज से बेहद खराब मानी जाती है।
वहीं, चिंता की बात यह है कि पीएम-2.5 सरीखे हानिकारक कणों की मात्रा सामान्य से 10 गुना तक बढ़ गई है। इसके चलते पहले से ही सांस, छाती व दमा संबंधी रोगों से ग्रस्त मरीजों के लिए समस्या और बढ़ गई है। खास बात यह है कि हवाओं की गति कम होने व तापमान में तेजी से गिरावट होने के चलते दोपहर 3 बजे के बाद प्रदूषण में और भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। शाम 4 बजे शहर का समग्र एक्यूआई 369 था जो शाम 5 बजे बढ़कर 371 हो गया। उसमें भी सेक्टर-51 इलाके में एक्यूआई 388 दर्ज किया गया। ग्वाल पहाड़ी में 349, विकास सदन में 376 व टेरी ग्राम में एक्यूआई 370 रहा।
पेड़-पौधों पर पानी का छिड़काव
मौसम विभाग के मुताबिक तापमान में गिरावट, हवाओं की मंद गति व ग्रेप का पालन न होना प्रदूषण में बढ़ोतरी की प्रमुख वजह है। मालूम हो कि जिले में हर साल दिवाली के अवसर पर बढ़ने वाले प्रदूषण को देखते हुए करीब एक माह पहले ही ईपीसीए की तरफ से ग्रेप लागू कर दिया गया था। बावजूद इसके प्रभावी क्रियान्वयन न होने के चलते लगातार स्थिति गंभीर बनी हुई है। आगामी दिनों में जैसे-जैसे तापमान नीचे जाएगा वातावरण में धुंध का असर बढ़ेगा और प्रदूषण की समस्या और भी गंभीर होगी। हालांकि, अग्निशमन विभाग की तरफ से सोमवार को पेड़-पौधों पर पानी का छिड़काव किया गया।