नूंह, नगीना और फिरोजपुर झिरका में करीब छह दुकानों पर पहुंची टीम
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को जिला नूंह में खाद, बीज और कृषि दवा विक्रेताओं की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण अभियान का उद्देश्य कृषकों को गुणवत्तापूर्ण इनपुट की उपलब्धता सुनिश्चित करना और अनियमितताओं पर अंकुश लगाना रहा। हालांकि, निरीक्षण के दौरान टीम को दुकानदारों के रिकॉर्ड व अन्य पहलू दुरुस्त पाए गए।
टीम ने निरीक्षण के दौरान नूंह में मैसर्स गोपाल फर्टिलाइजर, मैसर्स न्यू मेवात ट्रेडर्स नूंह, मैसर्स जैन खाद भंडार फिरोजपुर झिरका, मैसर्स भारत बीज भंडार फिरोजपुर झिरका और मैसर्स सैनी खाद बीज भंडार बड़कली चौक नगीना आदि दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान पीओएस मशीनों के माध्यम से दुकानों में उपलब्ध खाद की मात्रा का मिलान किया गया। उप कृषि निदेशक ने किसानों को सलाह दी है कि वे खेतों में उर्वरकों का प्रयोग कृषि विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार ही करें, ताकि भूमि की उर्वरता बनी रहे और फसल उत्पादन में वृद्धि हो।