गुरुग्राम। पुलिसकर्मियों पर रिश्वत लेने के आरोप थमते नजर नहीं आ रहे हैं। कुछ दिन पूर्व यातायात पुलिस पर पेटीएम से पांच सौ रुपये रिश्वत लेने के मामले की जांच खत्म भी नहीं हुई कि एक और मामला सामने आया है। अब राजीव चौक पर खड़े एक व्यक्ति से ट्रैफिक पुलिस कर्मी पर पांच सौ रुपये रिश्वत लेने का आरोप है। इस मामले में पीड़ित के मकान मालिक ने ट्विटर पर शिकायत गुरुग्राम पुलिस समेत कई अन्य से की है। एसीपी ट्रैफिक इस मामले की जांच कर रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, बादशाहपुर के पलड़ा गांव में खेतपाल सिंह के मकान में बिहार के रहने वाले अनुज कुमार रहते हैं। वह कंस्ट्रक्शन साइट पर नौकरी करते हैं। 14 फरवरी को दोपहर बाद करीब चार बजे वह राजीव चौक पर अपने एक अन्य साथी के इंतजार में खड़े थे। आरोप है कि तभी पुलिस की एक गाड़ी आई। उसमें सवार पुलिसकर्मी ने उन्हें अपने पास बुलाया। इसके बाद उसकी तलाशी ली। आरोप है कि गाली-गलौज कर गाड़ी में बैठने को कहा और उसे छोड़ने के एवज में पांच सौ रुपये ले लिए। इस मामले में डीसीपी ट्रैफिक आरएस तोमर ने मामले की जांच एसीपी ट्रैफिक अखिल कुमार को सौंपी है। एसीपी अखिल कुमार ने बताया कि मामले की जांच रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को भेज दी जाएगी।