संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शैक्षणिक सत्र 2023-24 के तहत औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में दाखिले के लिए विद्यार्थी ऑनलाइन आवेदन कर रहे हैं। शुरुआत में रफ्तार पकड़ने के बाद अब आवेदन करने वालों की संख्या में कमी आई है। विभाग के पोर्टल के अनुसार हरियाणा में अभी तक 28, 763 विद्यार्थियों ने आवेदन किए हैं। इसमें अभी तक गुरुग्राम के 2,309 विद्यार्थियों ने आईटीआई में दाखिले लेने में अपनी रुचि दिखाई है। यह आवेदन प्रक्रिया 21 जून तक चलेगी।
कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग हरियाणा ने अभी तक आईटीआई में दाखिला की मेरिट निकालने, काउंसलिंग व फीस जमा कराने का शेड्यूल जारी नहीं किया है। आईटीआई में आवेदन करने वाले विद्यार्थी इलेक्ट्रिशियन, कंप्यूटर ऑपरेटिंग एवं प्रोग्रामिंग असिस्टेंट (कोपा) व फीटर में ही ज्यादा आवेदन कर रहे हैं। आईटीआई संस्थानों में छात्र-छात्राएं दाखिला व ट्रेड के बारे में जानकारी लेने पहुंच रहे हैं। ऐसे में संभावना है कि आगामी दिनों में आवेदनों की संख्या में बढ़ोतरी होगी।
संस्थान पहुंचने वाले छात्र-छात्राओं को कमेटी सदस्यों की ओर से दाखिले के बारे में जानकारी दी जा रही है। किसी विद्यार्थी को ऑनलाइन आवेदन करने में दिक्कत आ रही है तो उसके आवेदन भी कराए जा रहे हैं। राजकीय महिला आईटीआई सेक्टर-14 के प्राचार्य जेपी यादव ने बताया कि संस्थान में छात्राएं जानकारी लेने पहुंच रही हैं। हेल्प डेस्क व कमेटी सदस्यों द्वारा उनको दाखिला व ट्रेड के बारे में बताया जा रहा है।