गुरुग्राम। जिले में टीकाकरण अभियान तेज गति से चल रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिले में 20157 लोगों को कोरोनारोधी टीका लगाया गया। इसमें से 9915 को टीके की पहली व 10242 लोगों को दूसरी डोज दी गई। वहीं, शुक्रवार को जिले में 70 लोगों को टीके की पहली व विदेश जाने वाले 18 लोगों को टीका लगाया गया जबकि मेट्रो स्टेशन पर 50 लोगों को टीका लगा। टीकाकरण अभियान के तहत शनिवार को जिले के 50 ग्रामीण व शहरी केंद्रों पर कोरोनारोधी टीकाकरण किया जाएगा। सभी केंद्रों पर टीके की पहली व दूसरी डोज लगाई जाएगी, जिसमें से 6 केंद्रों पर कोवाक्सिन की दूसरी डोज के लिए आरक्षित किए गए हैं।
वहीं एक केंद्र सेक्टर-31 पॉलीक्लीनिक पर स्पूतनिक वी वैक्सीन की दूसरी डोज लगाई जाएगी। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एमपी सिंह ने बताया कि शनिवार को जिले के 42 टीकाकरण केंद्रों पर कोविशील्ड की पहली व दूसरी डोज लगाई जाएगी। सभी केंद्रों पर पहली व दूसरी डोज के कुल 9650 स्लॉट उपलब्ध रहेंगे। इसमें से 1720 स्लॉट ऑनलाइन बुकिंग करने वालों के लिए आरक्षित रहेंगे। 1720 में से पहली डोज के लिए 760 व दूसरी डोज के लिए 960 डोज आरक्षित रहेंगे। ऑफलाइन टीकाकरण के तहत 3340 लोगों को पहली व 4590 लोगों को दूसरी डोज लगाई जाएगी।
पूर्व पंजीकरण की जरूरत नहीं
शिक्षा व नौकरी के लिए विदेश जाने के लिए चयनित लोग सेक्टर 31 पॉलीक्लीनिक केंद्र पर जाकर कोविशील्ड वैक्सीन की दूसरी डोज लगवा सकते हैं, जिसके 50 स्लॉट उपलब्ध रहेंगे। डॉ. एपी सिंह के मुताबिक सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर वॉक इन प्रक्रिया के तहत पहले आओ पहले लगवाओ के आधार पर कोरोनारोधी टीका लगाया जाएगा। शिविर में आने वाले नागरिकों को किसी भी प्रकार के पूर्व पंजीकरण की आवश्यकता नहीं है।