2.5 लाख की चपत लगाने वाले पांच डिलवरी बॉय धरे
गुरुग्राम। ई-कॉमर्स कंपनी एमेजॉन के भांगरौला स्थित वेयर हाउस में काम करने वाले पांच डिलवरी बॉय ने फर्जी तरीके से बुकिंग के बहाने कंपनी को 2.50 लाख के सामान की चपत लगाने की कोशिश की। इस मामले का खुलासा होने के बाद कंपनी की शिकायत पर खेड़कीदौला थाना पुलिस ने पांचों युवकों को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया।
कंपनी के अधिवक्ता की ओर से खेड़कीदौला थाना पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक, भांगरौला में एमेजॉन कंपनी का वेयरहाउस है। यहां पलवल निवासी प्रमोद, योगेश, नीरज, जितेंद्र व अजीत काम करते है। इस माह प्रमोद ने अपने घर के पते पर कूलर का स्टैंड एमेजॉन के माध्यम से बुक किया था। 9 मई को जयपुर से कूलर स्टैंड बुक होने के बाद जब वेयरहाउस में पहुंचा तो पांचों ने कूलर स्टैंड को निकालकर उसके कार्टून में 20 मोबाइल, एक लैपटॉप व एक जीओ डोंगल डालकर दोबारा टेप लगाकर पैक कर दिया।
मामले का खुलासा उस वक्त हुआ जब डिलवरी बॉय वेयरहाउस से कार्टून देने के लिए पलवल गया। कार्टून में जरूरत से अधिक वजन लगने पर उसने खोलकर देखा तो वह हैरान रह गया। उसने तुरंत इसकी सूचना अपने आला अधिकारियों को दी। मामले की आंतरिक जांच और सीसीटीवी फुटेज में पांचों युवकों की कारस्तानी पकड़े जाने के बाद आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक कुलदीप ने बताया कि आरोपियों से सारा माल बरामद हो गया है।