वृंदावन गए एनआरआई के घर से डॉलर समेत कीमती सामान चोरी
गुरुग्राम। परिवार के साथ वृंदावन दर्शन के लिए गए एनआरआई के घर पर चोरों ने 300 ऑस्ट्रेलियन डॉलर समेत कीमती सामान चुरा लिया। सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच शुरू कर दी है। पालम विहार थाना पुलिस के मुताबिक आसपास के सीसीटीवी फुटेज से जांच पड़ताल की जा रही है। पालम विहार निवासी अनिल टंडन अपने परिवार के साथ विदेश में रहते है। बृहस्पतिवार सुबह 9 बजे वह वृंदावन बांके बिहार के दर्शन और पूजन के लिए परिवार के साथ निकले थे। शाम करीब पांच बजे घर लौटे तो उन्होंने देखा कि घर का मुख्य दरवाजा टूटा हुआ है। जबकि घर के अंदर अलमारियां खुली हुई है। चोरी का अंदेशा होने पर एनआरआई ने पुलिस को सूचना दी। पालम विहार थाना पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंच जांच पड़ताल की जिसमें पता चला कि अलमारी में रखे 300 ऑस्ट्रेलियन डॉलर के अलावा करीब 30 हजार की नकदी, लाखों रुपये के आभूषण गायब है। पुलिस ने अलग-अलग हिस्सों से फिंगर प्रिंट व अन्य सबूत एकत्रित कर जांच शुरू कर दी है।