गुरुग्राम। सेक्टर-59 के बहरामपुर स्थित एक खाली प्लॉट में बनी 10 झुग्गियों में सोमवार सुबह करीब सात बजे आग लग गई। आग लगने के दौरान एक बड़े और एक छोटे सिलिंडर धमाके के साथ फटेे। गनीमत रही कि कोई इसकी चपेट में नहीं आया। दमकल की तीन गाड़ियों ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के मुताबिक, सेक्टर - 59 स्थित बहरामपुर गांव में एक खाली प्लॉट में करीब दस झुग्गियां बनी हुईं हैं। जिनमें आसपास के घरों में काम करने वाले और मजदूरी करने वाले परिवार रहते हैं। सोमवार सुबह सात बजे एक झुग्गी में आग लग गई। आग लगने के दौरान चीख पुकार मच गई और लोग बाहर की ओर भागे। लोगों ने आसपास के ड्रमों में रखा पानी डालकर आग पर काबू करने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते आग ने अन्य झुग्गियों को भी चपेट में ले लिया। लोगों ने इस मामले की सूचना दमकल विभाग को दी। जिस पर सेक्टर-29 फायर स्टेशन से तीन गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया। आग लगने के दौरान झुग्गियों में रखा एक बड़ा और एक छोटा गैस सिलिंडर धमाके के साथ फट गया। गनीमत रही कि कोई व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया, वरना बड़ा हादसा हो जाता। दमकल विभाग के उपनिदेशक गुलशन कालरा ने बताया कि सोमवार सुबह 7.21 पर सूचना मिली थी। उसी के बाद मौके पर भेजी गईं तीन गाड़ियों से आग पर काबू किया गया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्लॉट किसका है, कब से यहां पर झुग्गियां थीं। इसकी जानकारी की जा रही है।
आंखों के सामने जल गया सारा सामान
झुग्गियों में करीब दस परिवार रहते थे, जो मेहनत मजदूरी कर अपनी जीविका चला रहे थे। आग लगने के दौरान लोगों ने अपना सामान बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन उनकी आंख के सामने सारा सामान कपड़े, रुपये, जेवर, बर्तन सब कुछ जल गए। उनके आगे सिर छिपाने के लिए भी जगह नहीं बची।