गुड़गांव के हेलीमंडी रेलवे स्टेशन के पास सड़क दुर्घटना में एक बुजुर्ग महिला और उनके पोते की मौत हो गई। अब इसे किस्मत कहें या संयोग लेकिन घर में विपत्ति टूट पड़ी है। कांता देवी अपने बीमार पति, जो भिवानी के किसी अस्पताल में भर्ती हैं उन्हें देखने जा रही थी।
पुलिस ने बताया कि मोटरसाइकिल और ट्रक की इस टक्कर में 60 वर्षीय कांता देवी और एक वर्षीय पोते की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बाइक चला रहा, उनका 22 वर्षीय बेटा धर्मपाल घायल है, जिसे नदजीक के सरकारी अस्पताल में भर्ती किया गया है।
बताया जा रहा है कि फिलहाल धर्मपाल खतरे से बाहर है। घटना के बाद सड़क पर आ जा रहे लोगों और धर्मपाल के रिश्तेदारों ने मुख्य सड़क को जाम कर दिया। मौके पर एसडीएम मनोज खत्री के पहुंचने के बाद जाम को हटाया जा सका। एसडीएम ने परिवारवालों को आश्वासन दिया है कि वह ट्रक वाले को ढूंढने की पूरी कोशिश करेंगे।