फरीदाबाद के एनआइटी-5 में बुधवार सुबह काम करते समय एक युवक के पेट में ग्राइंडिंग मशीन घुस गई। उसे गंभीर हालत में बीके अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके पेट से मशीन निकाली।
रोहित(22) अपने भाई योगेंद्र के साथ बल्लभगढ़ क्षेत्र में पांच नंबर चुंगी के पास रहता है। वह मूल रूप से बुलंदशहर (यूपी) के खानपुर गांव का निवासी है।
योगेंद्र ने बताया कि रोहित उसके साथ एल्युमीनियम के गेट लगाने व वाटर प्रूफिंग का ठेका लेता है। इस समय एनआईटी-पांच स्थित एक मकान में उनका काम चल रहा है।
सुबह 10:30 बजे रोहित ग्राइंडिंग मशीन से एल्युमीनियम की एक शीट को घिस रहा था, इसी दौरान अचानक उसका हाथ फिसल गया और ग्राइंडिंग मशीन घूमकर उसके पेट के दाहिने हिस्से में ऊपर की ओर घुस गई।
इससे रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया, उसके पास काम कर रहे साथी उसे तुंरत बीके अस्पताल में लेकर आए। काफी मशक्कत के बाद डॉक्टरों ने रोहित के पेट से मशीन निकाली।
एक डॉक्टर के मुताबिक, ग्राइंडिंग मशीन के ब्लेड का आधा हिस्सा रोहित के पेट में घुस गया था। मशीन निकालने के बाद उसके कई टेस्ट कराए गए। रोहित की हालत स्थिर बनी हुई है।