संस्कृत यूनिवर्सिटी में खाली सीट पर गैर सीयूईटी यूजी वाले छात्रों को मौका
सेंट्रल संस्कृत यूनिवर्सिटी में 26 सितंबर तक पंजीकरण करना अनिवार्य है। इसके बाद अन्य चरणों में पंजीकरण का फिर मौका मिलेगा। यदि कोई सीट खाली रहती है तो उसके बाद सीयूईटी यूजी में पंजीकरण और परीक्षा में भाग लेने वाले उन छात्रों को मौका मिलेगा, जो तकनीकी दिक्कतों के कारण परीक्षा नहीं दे पाएं थे। इसके बाद भी कोई सीट खाली रहती है तो फिर सीयूईटी यूजी में शामिल न होने वाले छात्रों को सीट मिलेगी। लेकिन यहां पर उन्हीं कोर्स में सीट मिलेगी, जिसमें संबंधित छात्र योग्यता पूरी करता होगा। यहां पर एक नवंबर से स्नातक प्रोग्राम के पहले वर्ष वाले छात्रों का शैक्षणिक सत्र शुरू होगा।
अब एनसीवेब में आवेदन की तिथि 10 अक्तूबर तक बढ़ी
दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉन कॉलेजिएट वुमन एजुकेशन बोर्ड (एनसीवेब) में दाखिले के इच्छुक छात्राओं के लिए राहत की खबर है। डीयू प्रशासन एक बार फिर से आवेदन की तिथि बढ़ाएगा। दरअसल, आवेदन करने की अंतिम तिथि 25 सितंबर है, इसे 10 अक्तूबर तक बढ़ाया जाएगा। इससे पहले आवेदन करने की अंतिम तिथि 10 अगस्त थी, जिसे बढ़ाकर 25 सितंबर किया गया था।
एनसीवेब की निदेशक प्रो. गीता भट्ट ने बताया कि अब तक नियमित कॉलेजों में दाखिले की प्रक्रिया शुरु नहीं हुई है। इसलिए 10 अक्तूबर तक तिथि को बढ़ाया जाएगा। 10 अक्तूबर से जब नियमित कॉलेजों मेंं दाखिले के लिए सीट आवंटन की प्रक्रिया शुरु होगी। तब तक छात्राएं एनसीवेब में आवेदन कर सकती हैं। एनसीवेब में दाखिले के लिए अक्तूबर के तीसरे सप्ताह तक कटऑफ जारी की जाएगी और उसके बाद दाखिले शुरु होंगे।
डीयू का अलर्ट, प्रवेश दिलाने के फर्जी संदेशों से सावधान रहें छात्र
दिल्ली विश्वविद्यालय में स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए कॉमन सीट अलॉटमेंट सिस्टम (सीएसएएएस) पर पंजीकरण की रेस जारी है। आगामी सोमवार से दाखिले का दूसरा चरण (कॉलेज व कोर्स का चयन) शुरू हो जाएगा। प्रक्रिया शुरू होते ही डीयू में दाखिला कराने का दावा करने वाले जालसाज सक्रिय हो गए हैं।
डीयू के संज्ञान मेंं आया है कि दाखिले के इच्छुक छात्रों व उनके अभिभावकों को फर्जी संदेश भेजे जा रहे हैं। ऐसे में डीयू ने छात्रोंं को फर्जी ईमेल और सूचनाओं से सावधान रहने को कहा है। डीयू ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर शनिवार को एक संदेश जारी किया है। इसमें फर्जी संदेश भेजने वालों से सावधान रहने की सलाह दी है। दाखिले से जुड़ी किसी भी प्रकार की सूचना को प्राप्त करने के लिए डीयू की आधिकारिक वेबसाइट का ही प्रयोग करें। वहीं डीयू की वेबसाइट पर जारी होने वाली सूचनाओं पर ही विश्वास करें।